Happy New Year बोलने के लिए लखनऊ की सड़कों पर उमड़ा सैलाब, जश्न में डूबी दिखी राजधानी।

नए साल का स्वागत करने के लिए मंगलवार की रात लखनऊ की सड़कों पर लोगों का हुजूम उमड़ पड़ा। हजरतगंज और 1090 चौराहे पर कड़कड़ाती ठंड के बावजूद लोग हैप्पी न्यू ईयर बोलने के लिए सड़कों पर उतर आए।

नए साल का स्वागत करने के लिए मंगलवार की रात लखनऊ की सड़कों पर लोगों का हुजूम उमड़ पड़ा। हजरतगंज और 1090 चौराहे पर कड़कड़ाती ठंड के बीच लोग हैप्पी न्यू ईयर बोलने के लिए सड़कों पर उतर आए। जश्न मनाने में बच्चों, युवाओं, महिलाओं के साथ-साथ बुजुर्ग भी खूब नजर आए। ठंड बढ़ने के साथ-साथ नए साल के जश्न में लखनवी लोगों की भीड़ भी बढ़ने लगी।

जैसे ही रात के 11:59 बजे, सभी ने एक टक लगाकर 12 बजने का इंतजार किया। 12 बजने से 10 सेकंड पहले म्यूजिक बंद कर हजारों लोगों ने एक साथ काउंटडाउन शुरू कर दिया। नौ, आठ, सात, छह, पांच, चार, तीन, दो और जैसे ही एक का शोर मचा, तो माहौल में सिर्फ हैप्पी न्यू ईयर गूंजने लगा। इसी के साथ ही साल 2024 विदा हुआ और नए साल 2025 का आगमन हुआ।

हजरतगंज और गोमती नगर 1090 चौराहे पर शाम छह बजे से ही लोग जुटने लगे। युवाओं की टोली हजरतगंज से कैथेड्रल चर्च तक घूम-घूमकर नए साल का जश्न मना रही थी।

कोई अपनों के साथ हंसी-ठिठोली में था, तो कोई इस खास मौके को फोन में कैद कर रहा था। हजरतगंज और गोमतीनगर के होटलों में बच्चों के लिए किड जोन बनाए गए थे, जहां वे गुब्बारे फोड़ने और डंकी की टेल जैसे गेम खेल रहे थे।

जश्न के बीच गाने बदलने लगे। पंजाबी और बॉलीवुड हिट गीतों पर लोग झूम रहे थे। रात 12 बजने से पहले “आने वाले साल को सलाम” और “नए साल का पहला जाम आपके नाम” जैसे गाने गूंजने लगे। हर कोई थिरक रहा था और एक दूसरे को गले लगाकर 2025 की बधाई दे रहा था।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *